किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार: ढिल्लों

पंजाब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कभी भी पंजाब खाली हाथ नहीं आते, बल्कि हर बार विकास की सौगात लेकर आते हैं। आज भी उन्होंने करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया है।

जालंधर: पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब भी पंजाब आते हैं, विकास परियोजनाओं की सौगात लेकर आते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस बार भी करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया है, जिसके लिए वह पूरे पंजाब की ओर से उनका आभार व्यक्त करते हैं। ढिल्लों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जालंधर यात्रा के दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

अपने संबोधन में केवल सिंह ढिल्लों ने यूरोपीय देशों के साथ हुए व्यापार समझौते में गेहूं और दूध को शामिल न किए जाने को किसानों के हित में बताया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से किसानों के हितों की रक्षा हुई है और इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया। इस दौरान मंच पर मौजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों का प्रतीक मानी जाने वाली हरे रंग की पगड़ी पहने नजर आए।

ढिल्लों ने कहा कि इस व्यापार समझौते से पंजाब के उद्योग और कृषि क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। उनके अनुसार, लुधियाना का होजरी और साइकिल उद्योग, जालंधर का खेल एवं चमड़ा उद्योग, बटाला की मशीनरी के साथ-साथ पंजाब का बासमती चावल, फल और सब्जियां 27 यूरोपीय देशों में बिना टैरिफ के निर्यात किए जा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि किसानों को गेहूं और धान पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है। ढिल्लों का दावा था कि पहले एमएसपी में सीमित बढ़ोतरी होती थी, जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में इसमें उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं किसान परिवार से आते हैं और किसानों की समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं। उनके अनुसार, जब तक पंजाब का किसान समृद्ध नहीं होगा, तब तक राज्य का समग्र विकास संभव नहीं है।

केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत लगभग 7 प्रतिशत की विकास दर के साथ दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य भी हासिल किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में मोबाइल निर्माण की केवल दो इकाइयां थीं, जबकि वर्तमान में उनकी संख्या बढ़कर लगभग 300 हो चुकी है।