पंजाब के कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का Alert! मौसम को लेकर नया Update
जालंधर: पंजाब के मौसम को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए बारिश, तेज आंधी और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। रविवार सुबह राज्य के कई जिलों में हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, जबकि आने वाले दिनों में भी मौसम के बदले रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 29 जून से 30 जून तक राज्य में कहीं तेज धूप और उमस रहेगी तो कहीं गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। 1 जुलाई को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
2, 3 और 4 जुलाई को मौसम और अधिक सक्रिय रहेगा। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कई जिलों में अच्छी बारिश होने का अनुमान है।
29 जून से 2 जुलाई के बीच अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, पटियाला और बठिंडा समेत कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं, गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, फिलहाल तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि, बारिश शुरू होने के बाद अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि मानसून फिलहाल सामान्य स्थिति से पीछे चल रहा है। अगले 3 से 4 दिनों में इसके पूर्वी उत्तर प्रदेश से होते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश पहुंचने की संभावना है। इसके बाद जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून चंडीगढ़, उत्तर पंजाब और फिर हरियाणा में दस्तक दे सकता है।