PM मोदी के जालंधर दौरे को लेकर कई स्कूलों में अवकाश घोषित, ट्रैफिक व्यवस्था के मद्देनजर लिया गया फैसला

जालंधर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जालंधर दौरे को लेकर शहर में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसी के चलते शहर के कई स्कूलों ने विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अवकाश घोषित कर दिया है।
हालांकि, मायर वर्ल्ड स्कूल की ओर से केवल यूकेजी तक के विद्यार्थियों के लिए छुट्टी घोषित की गई है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, अन्य सभी कक्षाओं की पढ़ाई पूर्व निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार जारी रहेगी।
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्ग सुरक्षा कारणों से बंद रहेंगे, जिससे यातायात प्रभावित होने की संभावना है। विद्यार्थियों और अभिभावकों को आने-जाने में किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। स्कूल प्रबंधन से संपर्क कर इसकी पुष्टि के बाद ही यह जानकारी प्रकाशित की गई है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के उद्घाटन के लिए पंजाब पहुंच रहे हैं। उनके दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसके अलावा कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन और यातायात संबंधी प्रतिबंध भी लागू किए गए हैं।